Friday, February 27, 2026
HomeUncategorizedहोटल में 6 महीने रहकर करता रहा फर्जी ऑनलाइन पेमेंट, बैंक स्टेटमेंट...

होटल में 6 महीने रहकर करता रहा फर्जी ऑनलाइन पेमेंट, बैंक स्टेटमेंट ने खोली पोल


6 लाख का बिल चुकाने मैनेजर को भेजे स्क्रीनशॉट, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 

गुरुग्राम। एमसीए की डिग्री ले चुका 26 साल का एक युवक बिना एक पैसा दिए करीब पांच महीने तक शहर के एक आलीशान होटल में ठहरा रहा। होटल से जाते समय उसने 6 लाख रुपए से ज्यादा का बिल चुकाने के फेक पेमेंट के स्क्रीनशॉट होटल स्टाफ को भेजे थे। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि जब होटल प्रबंधन ने बाद में अपना बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो अकाउंट में कोई पैसा क्रेडिट नहीं हुआ। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोहना निवासी हिमांशु (26) के पास कंप्यूटर एप्लीकेशन में पोस्टग्रेजुएट डिग्री है। वह माई फेम ऐप पर एक यूट्यूब चैनल को प्रमोट करने का काम कर रहा था। डीएलएफ फेज 5 में गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित एक होटल और सर्विस अपार्टमेंट के ऑपरेटर की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक हिमांशु अक्टूबर 2025 से होटल में रह रहा था। 24 फरवरी तक आरोपी ने रहने के चार्ज के तौर पर ऑपरेटर को 16 पेमेंट किए और हर पेमेंट के स्क्रीनशॉट वॉट्सऐप पर शेयर किए, लेकिन ये सभी पेमेंट फ्रॉड निकले। होटल द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में लिखा है कि जब होटल का बैंक अकाउंट चेक किया, तो पता चला कि कोई पेमेंट ही नहीं हुआ। हिमांशु से उसका बैंक स्टेटमेंट मांगा गया, लेकिन उसने देने से मना कर दिया और 24 फरवरी को होटल छोड़कर चला गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया गया है कि हिमांशु पर होटल में रुकने का 6.17 लाख रुपए का बिल आया था, जिसमें से कुछ भी पेमेंट नहीं किया गया। शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने बुधवार को डीएलएफ फेज 5 इलाके से हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यूट्यूब पर एक नकली फोनपे ऐप के बारे में एक वीडियो मिला था। इसमें दिखाया गया था कि कैसे कोई फर्जी पेमेंट कर सकता है और ऐसा दिखा सकता है, जैसे पैसे रिसीवर के अकाउंट में क्रेडिट हो गए हों। 
मीडिया  रिपोर्ट के मुताबिक गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि उसने नकली फोनपे ऐप इंस्टॉल किया, जिसमें सिर्फ स्कैनर काम करता है, जबकि बाकी सभी फीचर इनएक्टिव हैं। वह अक्टूबर 2025 से फरवरी 2026 तक होटल में रुका और होटल मैनेजर को 16 झूठे ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट भेजे और 6 लाख रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी की। पुलिस ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। आरोपी को गुरुवार को शहर की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments